Badaun Politics : बदायूं में आबिद रज़ा का पीडीए शंखनाद, अखिलेश को सीएम बनाने की हुंकार


शिखर संवाद ब्यूरो-देवेश कुमार मिश्रा, संपादक 

Badaun politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर स्टार प्रचारक व पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने बदायूं के गांवों में पीडीए का परचम बुलंद कर दिया है। शेखूपुर विधानसभा के दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक बाहुल्य क्षेत्रों में तूफानी दौरा करते हुए रज़ा का जनता ने फूलों की बारिश कर ऐतिहासिक स्वागत किया। बाबा साहब को नमन कर उन्होंने हुंकार भरी कि 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना ही एकमात्र लक्ष्य है, ताकि प्रदेश में नफरत का अंत और विकास का सवेरा हो सके।

शेखूपुर विधानसभा के गांवों ननाखेड़ा, मुस्करा, चेतुनगला, बड़ी और छोटी कादरवाड़ी, खिरिया बाकरपुर, भद्रा और भसराला में जनसभाओं को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने वर्तमान सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक तरफ नफरत और विकासहीनता वाली सरकार है, जिससे किसान, नौजवान और छात्र त्रस्त हैं, वहीं दूसरी तरफ सपा भाईचारे और खुशहाली का विकल्प है। रज़ा ने दावा किया कि जिस तरह 2024 में जनता ने सपा को प्रदेश की नंबर एक पार्टी बनाया, उसी तरह 2027 में भी जनता अखिलेश यादव की ताजपोशी के लिए तैयार है।

दौरे के दौरान स्थानीय राजनीति में बड़ी हलचल तब देखी गई जब जनता ने मौजूदा विधायक के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों और विशेषकर यादव व मुस्लिम समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि दशकों से दो खानदानों के दबदबे ने शेखूपुर को विकास से महरूम रखा है। विधायक पर जनता के बजाय निजी स्वार्थ के लिए काम करने का आरोप लगाते हुए लोगों ने आबिद रज़ा से आगामी चुनाव लड़ने की पुरजोर अपील की। गांवों में "अखिलेश को मुख्यमंत्री बनाना है, आबिद रज़ा को विधायक बनाना है" के पोस्टर और नारे गूंजने लगे हैं। इस अभियान में नेक्सु जाटव, रमेश जाटव, राम सिंह कश्यप, हर्षित यादव, सुनील यादव, फ़िरासत और दिलशाद सैफी सहित सैकड़ों समर्थक शामिल रहे, जिन्होंने हाथ उठाकर पीडीए और आबिद रज़ा के नेतृत्व में विश्वास जताया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ